
बाँकी मोंगरा अस्पताल में सुविधाओं का विस्तार, मरीजों को मिलेगी आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं
बाँकीमोंगरा:- एसईसीएल बाँकी मोंगरा अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। डॉ. अजय कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सीएमओ इंचार्ज बाँकी एवं सुराकछार अस्पताल के नेतृत्व में अस्पताल की सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिल रहा है।
मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्पताल में अत्याधुनिक बिस्तर, स्ट्रेचर ट्रॉली, मेडिकल व्हील चेयर जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। वहीं अस्पताल परिसर को हरा-भरा बनाने के लिए बगीचे का विकास किया जा रहा है। इसके साथ ही सिविल कार्यों के अंतर्गत अस्पताल परिसर की टूटी हुई सड़कों की मरम्मत भी कराई जा रही है।
अस्पताल में सभी प्रकार की इमरजेंसी सेवाएं उपलब्ध हैं तथा आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त भंडारण और वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है। बाँकी मोंगरा, सुराकछार एवं बल्गी अस्पतालों को अत्याधुनिक चिकित्सा केंद्र के रूप में विकसित करने की पहल के तहत कई महत्वपूर्ण कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं, जिससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य लाभ मिल रहा है।
इसके अतिरिक्त अस्पताल की प्रयोगशाला के लिए उपयोगी उपकरण शीघ्र ही उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे जांच सुविधाएं और सुदृढ़ होंगी। साथ ही आने वाले समय में अस्पताल में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत उपचार सुविधा भी शुरू की जाएगी। स्थानीय लोगों ने अस्पताल में हो रहे इन सुधार कार्यों की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के लिए एक सकारात्मक पहल बताया है।




















