
बांकी मोंगरा से सिटी बस संचालन की मांग, पार्षद रूबी पवन गुप्ता ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
बांकी मोंगरा :- नगर पालिका परिषद बांकी मोंगरा के वार्ड क्रमांक 17 की कांग्रेस पार्षद श्रीमती रूबी पवन गुप्ता ने बांकी मोंगरा से कोरबा के लिए पुनः सिटी बस संचालन शुरू कराने की मांग को लेकर कलेक्टर महोदय को ज्ञापन सौंपा है।

ज्ञापन में पार्षद ने बताया कि पूर्व में बांकी मोंगरा से कोरबा के लिए सिटी बस का संचालन किया जाता था, जिससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलती थी। सिटी बस सेवा बंद होने के बाद बांकी मोंगरा सहित आसपास के नागरिकों, कोरबा आने-जाने वाले कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पार्षद ने कहा कि वर्तमान में अन्य परिवहन साधनों पर निर्भरता बढ़ने से लोगों को अतिरिक्त खर्च और असुविधा उठानी पड़ रही है। ऐसे में बांकी मोंगरा क्षेत्र की जनता की मांग एवं आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए एसईसीएल बांकी मोंगरा से कोरबा मार्ग पर पुनः सिटी बस का संचालन शुरू कराया जाना आवश्यक है।

उन्होंने कलेक्टर से जनहित में सिटी बस सेवा पुनः प्रारंभ कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि क्षेत्र के नागरिकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को सुगम और किफायती आवागमन की सुविधा मिल सके।

























