
त्योहारों पर पुलिस की पैनी नजर, बांकी मोंगरा में शांति समिति की बैठक में तय हुई व्यवस्था
डीजे, ध्वनि स्तर और कानून-व्यवस्था को लेकर थाना प्रभारी सत्यम साहू ने दिए आवश्यक निर्देश; भाईचारे और सौहार्द बनाए रखने की अपील
बांकी मोंगरा :- आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बांकी मोंगरा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। थाना प्रभारी सत्यम साहू की मौजूदगी में हुई बैठक में त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था से लेकर डीजे संचालन, ध्वनि स्तर और शासन-प्रशासन के दिशा-निर्देशों के पालन को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की गई।

बैठक में थाना प्रभारी ने कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे और सद्भाव का संदेश देते हैं। ऐसे में सभी वर्गों की जिम्मेदारी है कि वे मिल-जुलकर त्योहार मनाएं और किसी भी ऐसी गतिविधि से बचें, जिससे क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित हो।
उन्होंने डीजे संचालकों को निर्धारित नियमों एवं ध्वनि सीमा का पालन करने की बात कही। साथ ही उपस्थित जनप्रतिनिधियों, सामाजिक प्रतिनिधियों और अन्य लोगों से अपील की कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और विवाद अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
शांति समिति की बैठक में क्षेत्र के प्रतिनिधि, पत्रकार, डीजे संचालक एवं पार्षदगण शामिल हुए। उपस्थित सदस्यों ने भी त्योहारों के दौरान प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करने तथा पुलिस को सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
थाना प्रभारी सत्यम साहू ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना केवल पुलिस की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने और आपसी सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
























