
बांकीमोंगरा: नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा कार्यालय में शुक्रवार को नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा के नेतृत्व में क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने एवं आम जनता की बिजली संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक आयोजित की गई।
बैठक में नगर पालिका क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति, बार-बार बिजली बाधित होने, जर्जर विद्युत तार एवं खंभों की स्थिति, खराब ट्रांसफार्मरों, पेड़ों की छंटाई तथा अन्य विद्युत संबंधी समस्याओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने वार्डों एवं क्षेत्रों में लोगों द्वारा झेली जा रही समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा तथा शीघ्र निराकरण की मांग की।
बैठक में अधीक्षण अभियंता राजकुमार सोनकर (कोरबा), कार्यपालन अभियंता राजेश कुमार चौहान (नगर संभाग), सहायक अभियंता भगत राम कंवर, लाइनमैन गोविंद सोनवानी सहित बिजली विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं नगर पालिका के सीएमओ, उपाध्यक्ष, पार्षदगण, पीआईसी सदस्य, एल्डरमैन, सांसद प्रतिनिधि, नेता प्रतिपक्ष, कांग्रेस एवं भाजपा के वरिष्ठजन तथा अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी सहभागिता निभाई।

विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बैठक में उठाई गई सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके शीघ्र एवं समयबद्ध निराकरण का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था से जुड़ी लंबित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
बैठक के पश्चात नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने विद्युत विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बांकीमोंगरा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर जर्जर विद्युत तारों, खंभों, ट्रांसफार्मरों, पेड़ों की छंटाई एवं अन्य आवश्यक कार्यों का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान मौके पर ही समस्याओं के समाधान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा कार्ययोजना तैयार की गई।
बैठक के अंत में चर्चा एवं विद्युत विभाग द्वारा दिए गए आश्वासन के आधार पर एक कार्यवाही एवं सहमति पत्र भी तैयार किया गया, जिससे नगर पालिका क्षेत्र में बिजली संबंधी समस्याओं के निराकरण हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि अब लंबे समय से लंबित विद्युत समस्याओं का जल्द समाधान होगा।
























