
बाँकी मोंगरा में बांस बाड़ी में लगी भीषण आग, सैकड़ों बांस जलकर राख
बाँकी मोंगरा: नगर क्षेत्र स्थित वन विभाग की बांस बाड़ी में अचानक भीषण आग लगने से सैकड़ों बांस जलकर राख हो गए। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आग लगने की सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग को नियंत्रित नहीं किया जाता तो पूरी बांस बाड़ी जलकर नष्ट हो सकती थी और बड़ा नुकसान हो सकता था।
मिली जानकारी के अनुसार, एसीईसीएल के ठेकेदारों द्वारा कॉलोनी से निकला कचरा लंबे समय से बांस बाड़ी के पास फेंका जा रहा था, जिसके कारण वहां प्लास्टिक व अन्य कचरा बड़ी मात्रा में जमा हो गया था। आशंका जताई जा रही है कि कचरा फेंकने वाले किसी व्यक्ति द्वारा लगाई गई आग से ही यह भीषण आग भड़क उठी।
घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने कचरा फेंकने की समस्या पर भी नाराजगी जताई है और संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।



















