
झारखण्ड। पलामू के पाटन थाना क्षेत्र में एक 14 वर्षीय लड़की की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में लड़की के 21 वर्षीय प्रेमी अरुण कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने 16 अक्टूबर की रात हत्या कर शव को तालाब में फेंक दिया था, जिसे 17 अक्टूबर की रात बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, पाटन के लोईंगा गांव के बहेरा टोला निवासी अरुण कुमार का मृतका से प्रेम संबंध था। कुछ समय पहले लड़की ने अरुण से बात करना बंद कर दिया था, जिसके बाद अरुण पंजाब चला गया था। डेढ़ माह पहले वापस आने पर दोनों के बीच फिर से बातचीत शुरू हो गई थी मृतका के पिता नहीं हैं। घटना वाली रात वह अपनी मां से चचेरी बहन के घर सोने जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन अगले दिन वापस नहीं लौटी। मां की सूचना पर पुलिस ने खोजबीन शुरू की, जिसके बाद तालाब से शव बरामद हुआ। एसपी ने सदर एसडीपीओ मणिभूषण प्रसाद के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया। अनुसंधान के दौरान कॉल डिटेल और स्थानीय साक्ष्यों के आधार पर पुलिस अरुण तक पहुंची। पूछताछ में अरुण ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी ने बताया कि घटना की शाम में मृतका की मां ने उसे लकड़ी फाड़ने के लिए बुलाया था। जब मृतका रात में रिश्तेदार के घर जा रही थी, तो अरुण भी उसके घर से निकला। कुछ दूर जाने पर अरुण ने मृतका के साथ शारीरिक संबंध बनाए और फिर उससे बात बंद करने का कारण पूछा। इसी बात पर विवाद हुआ और उसने नाबालिग का गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद अरुण ने शव को तालाब में फेंक दिया। उसे शक था कि मृतका का किसी और के साथ अफेयर है। आरोपी ने मृतका का मोबाइल तालाब में फेंकने और उसके हवाई चप्पल तथा अपने कपड़े एक कुएं में डालने की बात भी स्वीकार की। पुलिस ने बाद में सभी सामान बरामद कर लिए।



















